सोमवार सुबह कोतवाली क्षेत्र के लाइन जीवनगढ़ में एक होटल के पास नाले में एक पिकअप चालक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान सुनील (35) के रूप में हुई है, जो कालसी कोतवाली क्षेत्र के रिखाड़ गांव का रहने वाला था। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि मृतक के सिर के पीछे चोट के निशान मिले हैं। शव नाले में मुंह के बल गिरा हुआ था। प्रारंभिक जांच के अनुसार, सुनील एक पिकअप चालक था और उसका वाहन घटनास्थल के पास ही खड़ा मिला। ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि मृतक लघु शंका के लिए वाहन से बाहर निकला होगा और इसी दौरान वह नाले में गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकाला। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और वे मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है।