शराब के नशे में एक युवक ने अपनी बाइक कहीं और खड़ी की और दूसरे की बाइक लेकर चलता बना। गलती का अहसास होने पर उसने बाइक एक पुलिस चौकी में खड़ी कर दी।
इसके बाद अपनी बाइक चोरी होने की सूचना पुलिस को दी। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने युवक की बाइक बरामद कर ली।
घटनाक्रम के अनुसार रामनगर निवासी एक युवक शनिवार को डिस्कवर बाइक लेकर नगर निगम पुल के समीप ठेके पर आया था। यहां से शराब लेने के बाद वह पास ही एक ढाबे में जाकर शराब पीने लगा, जबकि अपनी बाइक ठेके के पास ही छोड़ दी थी।
दूसरे की बाइक अपनी समझ ले चला
करीब दो घंटे बाद जब वह शराब पीकर निकला तो ढाबे के बाहर खड़ी एक दूसरी डिस्कवर बाइक को अपनी समझ लेकर चलता बना।
कुछ दूर जाने के बाद उसे अपनी भूल का अहसास हुआ तो वह वापस आया, लेकिन ढाबे के बाहर उसकी बाइक नहीं थी। इसके बाद युवक के होश उड़ गए। उसने भूल सुधारने के लिए बाइक को सौत एक चौकी में खड़ा कर दिया। फिर अपनी बाइक चोरी होने की सूचना पुलिस को दी।
घंटों दौड़ती रही पुलिस
पुलिस कई घंटों तक बाइक की तलाश करती रही। देर रात पुलिस ने ढाबे से थोड़ी दूरी पर ठेके के समीप खड़ी बाइक को बरामद कर लिया।
पुलिस ने रविवार सुबह युवक को बुलाया। पहले तो युवक ने रौब जमाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की फटकार के बाद उसके होश ठिकाने आ गए। माफी मांगने पर पुलिस ने बाइक का चालान कर उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।