अब मौसम के बारे में सटीक पूर्वानुमान मिल सकेगा। मुक्तेश्वर में डॉप्लर रडार लगाने के लिए शनिवार को मौसम विभाग देहरादून के अधिकारी पहुंचे। मौसम विभाग निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि कुमाऊं का पहला डॉप्लर रडार लगाने के लिए भूमि का चयन किया जा रहा है।
जून से कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया सीआईटीएच परिसर मुक्तेश्वर में डॉप्लर रडार लगाने के लिए 225 वर्गमीटर भूमि का चयन किया गया है। डॉप्लर रडार बनाने वाली फर्म एसट्रो माइक्रोवेब प्रोडक्स लिमिटेड हैदराबाद की स्वदेशी फर्म को टेंडर दिया गया है।
जो स्ट्राम डिटेक्शन रडार है, इससे तेज बारिश, ओलावृष्टि की जानकारी करीब दो घंटे पहले ही मिल सकेगी। यह 100 किमी परिधि के दायरे में होने वाली गतिविधियों का डाटा भी रिकार्ड करेगा।
रडार द्वारा जमीन से 0.5 डिग्री ऊंचाई पर स्कैन करेगा। यह आपदा प्रबंधन के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण रडार होगा। टीम ने बताया कि उक्त स्थल पर पानी, बिजली और सड़क की व्यवस्था उचित रहेगी। इस दौरान आपदा प्रबंधन अधिकारी शैलेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता जलसंस्थान संतोष कुमार, तहसीलदार कृष्ण कुमार, विद्युत विभाग, राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद थे।