मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण सचिव अमित खरे ने शिष्टाचार भेंट की। खरे ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि शीघ्र ही देहरादून दूरदर्शन केंद्र को सेटेलाइट से जोड़कर यहां से 24 घंटे प्रसारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंन सीएम से कहा कि इस केंद्र में अधिक से अधिक स्थानीय कार्यक्रमों को महत्व दिया जाएगा। राज्य की लोक संस्कृति से जुडे़ कार्यक्रमों को भी प्रमुखता दी जाएगी। दूरदर्शन के साथ ही आकाशवाणी व प्रेस सूचना ब्यूरो को भी आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि दूरदर्शन को एमएसएमई, पर्यटन, कृषि, बागवानी आदि के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को प्रमुखता के साथ ही इस क्षेत्र के विशेषज्ञों, मंत्री, विधायकों को दूरदर्शन के पैनल में रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर पीआईबी के एडीजी नरेंद्र कौशल, दूरदर्शन के समाचार संपादक राघवेश पांडे तथा उप निदेशक शिव कुमार गोयल आदि उपस्थित थे।