दून की बेटी हिमानी शिवपुरी का नाम आज फिल्मी दुनिया की दिग्गज अभिनेत्रियों में लिया जाता है। हिमानी शिवपुरी का नाम आते ही फिल्म हम आपके हैं कौन की रजिया और दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे की कम्मो बुआ का किरदार सामने आ जाता है। हिमानी ने कई टीवी सीरियल में काम किया है और वह कई हिट फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं।
हिमानी कहती हैं कि सिनेमा में ग्लैमर है, पैसा भी है लेकिन हकीकत इससे अलग है। दून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हिमानी शिवपुरी ने शनिवार को शिरकत की। शनिवार को तुलाज इंस्टीट्यूट में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों से बातचीत भी की। हिमानी कहती हैं कि फिल्म लाइन में बहुत मेहनत है। कंपटीशन बहुत अधिक हो गया है। पहले एक एपिसोड पांच दिन में बनता था। लेकिन आज एक दिन में एक एपिसोड बन रहा है। फिल्में भी एक महीने में पूरी हो रही हैं। जितना परफेक्ट होंगे उतना बेहतर काम मिलेगा।
सेट पर 12 घंटे से अधिक काम करना पड़ताI
हिमानी ने कहा कि फिल्म लाइन में आने के लिए युवाओं को खुद को ट्रेंड करने की जरूरत है। सेट पर 12 घंटे से अधिक काम करना पड़ता है। रास्ते में भी एक से दो घंंटे लग जाते हैं। हप्पू की उलटन पलटन के सेट पर पहुंचने का टाइम डेढ़ घंटे का है लेकिन मुंबई की पहली बारिश में सेट पर पहुंचने में पांच घंटे गए थे।