दूनवासियों को स्मार्ट गैस सिलिंडर खूब पसंद आ रहा है। यही वजह है कि इस सिलिंडर की डिमांड दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। इंडियन ऑयल के सभी गैस एजेंसियों में ये सिलिंडर उपलब्ध है। स्मार्ट डिजाइन वाले गैस सिलिंडर को देखकर ही पता चल जाता है कि इसमें कितनी गैस है।
पिछले साल अक्तूबर में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने दून के अपनी गैस एजेंसियों के यहां से स्मार्ट गैस सिलिंडर की शुरुआत की थी। शुरुआती चरण में इसका रिस्पांस अच्छा नहीं था। इसके बाद गैस एजेंसियों ने अपने स्तर पर इस सिलिंडर का प्रचार प्रसार किया। जिसके बाद धीरे-धीरे इस सिलिंडर को लेकर लोग जागरूक हुए और इसकी डिमांड बढ़ने लगी। इस सिलिंडर की सबसे पहले प्रेमनगर के यूरेका गैस एजेंसी के यहां से की गई थी। गैस एजेंसी संचालक विनोद पंवार ने बताया कि इस समय इस सिलिंडर की उपभोक्ता खूब डिमांड कर रहे हैं।
बताया कि औसतन एक माह में 90-100 गैस कनेक्शन लोग ले रहे हैं। इसमें से 60 प्रतिशत ऐसे उपभोक्ता हैं, जो स्मार्ट गैस सिलिंडर की मांग कर रहे हैं। उधर, उत्तराखंड एलपीजी डिस्ट्रिब्यूटर गैस एजेंसी एसोसिएशन के अध्यक्ष चमन लाल ने कहा कि शुरुआती चरण में इसकी डिमांड काफी कम रही, लेकिन उपभोक्ता इस सिलिंडर की डिमांड अब खूब कर रहे हैं। हालांकि, सिक्योरिटी मनी ज्यादा होने की वजह से नये उपभोक्ता इसे लेने में थोड़ा हिचकिचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सिलिंडर के कई फायदे हैं।
स्मार्ट सिलिंडर के फायदे
इस कंपोजिट सिलिंडर में तीन लेयर दी गई है। सुरक्षा के हिसाब से काफी बेहतर सिलिंडर है, यह एक आधुनिक तकनीक से बनाया गया सिलिंडर है, मौजूदा गैस सिलिंडर के मुकाबले इसका वजन आधा है, भारी गैस सिलिंडर से उपभोक्ताओं को मुक्ति मिल रही है, यह नया सिलिंडर जहां आप रखेंगे वहां किसी प्रकार का कोई निशान नहीं छोड़ेगा, सिलिंडर पांच और 10 किलो के वजन में उपलब्ध है, इस सिलिंडर की बॉडी ट्रॉसपेरेंट है। यानी आप सिलिंडर को बाहर से देखकर ही अंदाजा लगा सकते हैं कि गैस कितनी बची है और कितनी खर्च हो चुकी है।