देहरादून। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के लिए बसंत विहार पुलिस ने सोमवार को बुजुर्गों के घर पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। पुलिस टीम ने बुजुर्गों से मुलाकात कर उन्हें साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए और किसी भी परेशानी में पुलिस की मदद लेने का भरोसा दिलाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर बसंत विहार थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों के घर जाकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान पुलिस ने उन्हें ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने और अन्य साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। आपात स्थिति में पुलिस की विभिन्न जनहितकारी सेवाओं और हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता लेने की जानकारी भी दी गई।