प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर दून पुलिस अलर्ट मोड में है। एसएसपी के नेतृत्व में पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक दिन-रात सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शहर के सभी होटल और गेस्ट हाउस में रुके लोगों का सत्यापन भी किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जनपद की सीमाओं पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यूपी और उत्तराखंड की सीमा यानी डाट काली मंदिर से शुरू होने वाले मोदी के रोड शो को लेकर जहां पुलिस-प्रशासन की ओर से तैयारियां की गईं हैं, वहीं लोगों में भी उत्साह है। मार्ग पर जगह-जगह स्वागत की व्यवस्था की गई है। इस दाैरान सुरक्षा व्यवस्था पुलिस के लिए चुनाैती से कम नहीं है। इस कारण सीमावर्ती चेकपोस्टों के साथ-साथ आंतरिक मार्गों पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी है। एक दिन पहले से ही चेकिंग के दौरान संदिग्ध पाए जाने वाले व्यक्तियों को थाने लाकर सत्यापन किया जा रहा है। होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में ठहरे लोगों का भी रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और उनकी पहचान की पुष्टि की जा रही है।
वीवीआईपी रूट की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। रूट से सटे जंगलों में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को पहले ही निष्प्रभावी किया जा सके। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने खुद ग्राउंड जीरो पर रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।