देहरादून। राज्य के सरकारी व निजी बड़े अस्पतालों में संचालित आईसीयू में विशेषज्ञ स्टाफ नर्स की कमी ना हो इसके लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में ‘आईसीयू क्रिटिकल केयर’ कोर्स शुरू किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर नर्सिंग काउंसिल ऑफ इंडिया को भेज दिया गया है। काउंसिल से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के साथ ही कोर्स की शुरुआत कर दी जाएगी।
बता दें, दून अस्पताल समेत अन्य बड़े सरकारी व निजी अस्पतालों के आईसीयू में विशेषज्ञ स्टाफ नर्स की भारी कमी है। इसके चलते बेहद गंभीर मरीजों की देखभाल व उनके इलाज में तमाम दिक्कतें आ रही हैं। इसी समस्या को देखते हुए अब मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने ‘आईसीयू क्रिटिकल केयर’ की विशेषज्ञ स्टाफ नर्स की उपलब्धता हो इसके लिए नए कोर्स की शुरुआत करने जा रहा है। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि मेडिकल कॉलेजों के अस्पतालों के अलावा अन्य सरकारी अस्पतालों में प्रशिक्षित स्टाफ नर्स की तैनाती हो इसके लिए आईसीयू क्रिटिकल केयर कोर्स की शुरुआत की जा रही है। इस संबंध में नर्सिंग काउंसिल ऑफ इंडिया को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।