तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मेले में मेक इन इंडिया की भी झलक दिखाई दे रही है। मेले में तमाम नामी कंपनियों की ओर से मावा बनाने, पनीर बनाने, गायों व भैंस का दूध निकालने वाली मशीनों के साथ कई अत्याधुनिक मशीनों के स्टाल लगाए गए हैं। इतना ही नहीं मेले में दर्जनभर देशी-विदेशी कंपनियों के भी ऐसे स्टाल लगाए गए हैं, जिनमें पशुओं के आहार से लेकर उन्हें होने वाली बीमारियों से बचाव की दवाइयां मुहैया कराई जा रही है।
मेले में ऐसी मिल्क मशीन का डिस्प्ले किया गया है जिससे आठ पशुओें का दूध एक साथ निकाला जा सकता है। इस मशीन से यह भी जानकारी मिलती कि किस पशु ने कितना दूध दिया है। साथ ही मशीन दूध को पाउच में भी पैक कर देती है। इन स्टालों पर लोगों को कंपनी प्रतिनिधि जानकारी दे रहे हैं।
गिर, बद्री, थारपारकर गाय बनीं आकर्षण का केंद्र
मेले में होलिस्टीयन फ्रीजन से लेकर देवभूमि में पाई जाने वाली बद्री गाय तक का प्रदर्शन किया गया है। मेले में गुजरात में पाई जाने वाली गिर गाय, पाकिस्तान में पाई जाने वाली थारपारकर गाय आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। मेले में आए पशुपालकों को इन गायों की तमाम विशेषताएं भी बताई जा रही हैं।