दून अस्पताल की ओपीडी में अब मरीजों के रोजाना अल्ट्रासाउंड होंगे। अस्पताल मेें प्रोजेक्ट पब्लिक प्राईवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू हो गई है। ऐसे में मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए अब निजी सेंटर का रुख नहीं करना पड़ेगा।
दून अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की कमी के चलते ओपीडी और आईपीडी में सप्ताह में तीन-तीन दिन अल्ट्रासाउंड होते थे। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही कुछ मरीजों को वापस लौटना पड़ रहा था। प्राईवेट कंपनी से टाईअप होने पर अब ओपीडी और आईपीडी में रोजाना अल्ट्रासाउंड हो सकेंगे। कंपनी ने एक रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती भी कर दी है। कंपनी जल्द ही रेडियोलॉजिस्ट की संख्या बढ़ाएगी।
-
फास्ट अल्ट्रासाउंड मशीन भी आई
दून मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सायना ने बताया कि अस्पताल में एक फास्ट अल्ट्रासाउंड मशीन भी आ गई है। यह मशीन इमरजेंसी में लगाई जा रही है। इससे इमरजेंसी में आने वाले मरीजों का अल्ट्रासाउंड जल्दी हो सकेगा और तुरंत उपचार मिलेगा। फास्ट अल्ट्रासाउंड में अंदरूनी समस्या भी मॉनीटर पर देखी जा सकेगी।
डिजिटल एक्सरे मशीन से तेजी से हो सकेंगे एक्स-रे
डिजिटल एक्सरे मशीन भी अस्पताल में लगाई जा रही है। इससे एक मरीज का 10 जगह का एक्सरे करना है तो वह बहुत जल्दी हो जाएगा। 10 मरीजों में जितना टाइम लगता था, उतनी देर में इससे 30 मरीजों का एक्स-रे हो सकेगा।
ब्रेस्ट कैंसर जांच मशीन भी जल्द होगी स्थापित
अस्पताल में डिजिटल मेमोग्राफी मशीन भी आ गई है। इससे ब्रेस्ट की जांच होगी। यह मशीन अगले एक महीने में काम करना शुरू कर देगी। इस मशीन की स्थापना की तैयारी हो रही है।