दून अस्पताल के नए भवन का निरीक्षण करते स्वास्थ्य सचिव नितेश झा ।
दून अस्पताल को नया भवन राज्य स्थापना दिवस (नौ नवंबर) पर मिलने की उम्मीद है। सोमवार को निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सचिव नितेश कुमार झा ने कार्यदायी संस्था को अक्तूबर के अंत तक कार्य पूरा करने के निर्देश जारी किए। इस दौरान उन्होंने भवन की दो नई लिफ्ट का उद्घाटन किया। एक सप्ताह तक इन्हें ट्रायल के रूप में चलाया जा रहा है। उसके बाद इन्हें सबके लिए खोल दिया जाएगा।
तहसील चौक के पास अस्पताल के दो ब्लॉक का निर्माण चल रहा है। इनमें से एक ब्लॉक का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। जबकि, दूसरे ब्लॉक का निर्माण कार्य चल रहा है। मौके पर कार्यदायी संस्था यूपी निर्माण निगम के महाप्रबंधक अरविंद तिवारी ने स्वास्थ्य सचिव से डीपीआर रिवाइज करने को कहा। इस पर सचिव ने जल्द बैठक कर निर्णय लेने का आश्वासन दिया। इस दौरान स्वास्थ्य सचिव ने नए भवन में एक सप्ताह के भीतर गायनी (स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग) ओपीडी शुरू करने और इसके लिए जल्द फर्नीचर आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। यह ओपीडी अस्पताल के भूतल पर शुरू की जाएगी। ताकि, गर्भवती महिलाओं को आने-जाने में परेशानी न हो।
पोस्टर देख चढ़ा पारा, कार्रवाई के निर्देश
सचिव जैसे ही अस्पताल भवन के पास पहुंचे तो विभिन्न कंपनियों और संगठनों के प्रचार-प्रसार के पोस्टर देखकर भड़क गए। उन्होंने तत्काल इन्हें उतरवाने के आदेश दिए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार के पोस्टर चिपकाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की बात कही। उन्होंने गंदगी फैलाने वालों पर भी जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
जल्द करें ओटी शुरू
निरीक्षण के दौरान सचिव नितेश कुमार झा ने अस्पताल की चौथी और पांचवें तल पर बन रहे ऑपरेशन थिएटरों के निर्माण का जायजा लिया। अस्पताल में 10 ऑपरेशन थिएटर बनाए जा रहे हैं। इनमें से छह थिएटर मॉड्यूलर थिएटर हैं। जिनमें संक्रमण की कम से कम गुंजाइश रहती है। इस तरह के थिएटर जल्द बनाने के निर्देश दिए।