लैब टेक्नीशियनों का वेतन ग्रेड बढ़ाने का वादा शासन ने 20 नवंबर को पूरा नहीं किया। इस पर लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन ने नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि बिना नया वेतन ग्रेड मिले ओपीडी में जांच नहीं करेंगे। इस संबंध में एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी से मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता के बाद लैब टेक्नीशियनों ने इमरजेंसी और इंडोर के मरीजों की जांचें शुरू की थीं। वे ओपीडी के मरीजों की जांच नहीं कर रहे थे। दून अस्पताल में ओपीडी के मरीजों की जांच संविदा पर रखे गए लैब टेक्नीशियन कर रहे थे।
एसोसिएशन के प्रांतीय महासचिव मनोज मिश्र ने बताया कि बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर मांग की जाएगी कि अगली कैबिनेट में प्रस्तुत होने वाले प्रस्तावों में लैब टेक्नीशियन का वेतन ग्रेड बढ़ाने का प्रस्ताव शामिल किया जाए। अगर मांग न मानी गई तो आंदोलन फिर शुरू कर दिया जाएगा।