श्रीदेव सुमन विवि के देहरादून स्थित कैंप कार्यालय जल्द बंद हो जाएगा। विवि के कुलपति डा. पीपी ध्यानी ने दून कैंप कार्यालय को अब विवि के ऋषिकेश परिसर से संचालित करने के आदेश दिए हैं। कुलपति ने विवि के अधिकारियों को राजकीय महाविद्यालयों में सेमेस्टर प्रणाली को समाप्त किए जाने के बाद शैक्षणिक कैलेंडर और संशोधित पाठ्यक्रम जल्द तैयार करने को कहा है।
शुक्रवार को श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति डा. पीपी ध्यानी ने विवि के अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें शिक्षा की गुणवत्ता, सेमेस्टर और बीएड परीक्षाओं का संपादन, पाठ्यक्रमों में संशोधन और नकल विहीन परीक्षाओं को लेकर चर्चा की गई। वीसी ने कहा कि सभी अधिकारी इन सीमित संसाधनों में ही विवि को उत्कृष्ट विवि बनाने का प्रयास करें।
उन्होंने बताया कि देहरादून स्थित कैंप कार्यालय में परीक्षा आदि महत्वपूर्ण कार्यों के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, जिससे दून कैंप कार्यालय बंद करने का निर्णय लिया गया है।
अब कैंप कार्यालय विवि के ऋषिकेश परिसर से संचालित किया जाएगा। उन्होंने परीक्षा नियंत्रक से कहा कि राजकीय महाविद्यालयों में सेमेस्टर प्रणाली समाप्त करने के बाद संशोधित पाठ्यक्रम और शैक्षणिक कैलेंडर जल्द तैयार करें। बैठक में उप कुलसचिव दिनेश चंद्रा, वित्त अधिकारी स्मृति खंडूड़ी और परीक्षा नियंत्रक आरएस चौहान आदि मौजूद रहे।