देश की कई शहरों की हवा की गुणवत्ता बहुत खराब से लेकर खराब की श्रेणी में पहुंची है, जबकि देहरादून की हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। देहरादून के अलावा ऋषिकेश में हवा की गुणवत्ता भी अच्छी श्रेणी में है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मंगलवार को 266 शहरों की एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) को जारी किया था। इसमें बल्लभगढ़ में एक्यूआई 310 था, जो बहुत खराब की श्रेणी में था। भावनगर, ग्रेटर नोएडा, चखरी दादरी जैसे शहरों में हवा की गुणवत्ता खराब की श्रेणी में पहुंच गई। वही, राज्य की स्थिति बेहतर रही है। देहरादून की हवा की गुणवत्ता में और सुधार आया है। 19 को देहरादून का एक्यूआई 55 था, जो कि संतोषजनक श्रेणी में था। मंगलवार को यह शाम चार बजे 50 रहा था, जो कि अच्छी श्रेणी में आता है। हालांकि सात बजे के बाद हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में पहुंच गई थी। इसी तरह ऋषिकेश की हवा की गुणवत्ता अच्छे की श्रेणी में रही है। 19 को यहां पर एक्यूआई 37 और मंगलवार को एक्यूआई 38 रहा है। काशीपुर की हवा की गुणवत्ता की निगरानी की जाती है, पर इसका डाटा जारी नहीं हुआ था। ज्ञात हो कि हवा की गुणवत्ता की अच्छे से लेकर गंभीर तक छह श्रेणी है।