- विधायक ने किया कैनाल रोड बाईपास के डामरीकरण कार्य का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने शनिवार को हरबर्टपुर से अंबाड़ी तक कैनाल रोड बाईपास का निरीक्षण किया। विधायक ने कहा कार्य की गुणवत्ता पर कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने कहा गुणवत्ता के उच्च मानकों के साथ कार्य किया जा रहा है। वह कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाने वाले लोगों को चुनौती देते हैं कि वह अपने दावे को साबित कर के दिखाएं। विधायक ने कहा कैनाल रोड के डामरीकरण के बाद बाजार में जाम की समस्या दूर होगी।
कांग्रेस के सोशल मीडिया और आईटी सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष बलजीत सिंह ने हाल में फेसबुक पर एक वीडियो जारी कर कैनाल रोड बाईपास के डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। वीडियो फेसबुक पर तेजी से वायरल हो रहा था। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने हरबर्टपुर से अंबाड़ी तक डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। विधायक ने कहा कि उनके क्षेत्र में कोई भी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार ही होता है। वह स्वयं अधिकारियों के साथ कार्य स्थलों पर जाकर गुणवत्ता की जांच करते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ लोग बिना किसी पुख्ता जांच के आधार पर डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह बॉबी, सामाजिक कार्यकर्ता रिकेश शर्मा, अधिवक्ता रोशन नेगी आदि उपस्थित रहे।