स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 की थीम ट्रिपल आर है। कूड़े को कम करने, वस्तुओं के दोबारा प्रयोग और उनके पुनर्चक्रण पर सर्वेक्षण को केंद्रित किया गया है। नगर पालिका विकासनगर ने ट्रिपल आर की इस चुनौती को पार करने के लिए अभिनव पहल की है। पालिका क्षेत्र के चिरंजीपुर में ट्रिपल आर सेंटर का निर्माण किया गया है। 26 सितंबर को विधायक मुन्ना सिंह चौहान सेंटर का लोकापर्ण करेंगे।
अब तक स्वच्छ सर्वेक्षण में कूड़ा उठान, गीले व सूखे कूड़े की स्रोत स्तर पर छंटाई और निस्तारण पर जोर दिया जा रहा था। लेकिन, अब कूड़े के उत्पादन को कम करने और वस्तुओं के दोबारा प्रयोग और पुनर्चक्रण पर भी काम किया जा रहा है। विकासनगर नगरपालिका ने ट्रिपल सेंटर का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। इसमें लोग अनुपयोगी पुस्तकों, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रानिक उपकरण, मशीनरी, कपड़े, फर्नीचर, खिलौने, जूते, चप्पल, गद्दे आदि दान कर सकते हैं। वहीं, जरूरतमंद लोग अपनी जरूरत के अनुसार सेंटर से यह सामान ले भी सकते हैं। इससे एक सामान को प्रयोग करने की समयावधि बढ़ जाएगी। अभी तक शहर में लोगों के पास अनुपयोगी वस्तुओं को कबाड़ी के पास बेचने या फेंकने का ही विकल्प था। ऐसे में दूसरों के लिए अनुपयोगी सामान कूड़े में तब्दील हो रहा था। लेकिन, सेंटर शुरू होने से लोग सामान को दान कर जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान ला सकते हैं। संवाद
नगर पालिका ने चिरंजीपुर में अनुपयोगी निर्माण सामग्री से 15 मीटर सड़क बनाया है। इसमें सड़कों से उखाड़ी गई अनुपयोगी टाइल्स और मलबे का प्रयोग किया गया है।
ट्रिपल आर सेंटर का निर्माण पूरा हो गया है। 26 सितंबर से सेंटर शुरू हो जाएगा। शहरवासियों से अपील है कि वह अनुपयोगी वस्तुओं को सेंटर में जमा करवाएं। इससे लोगों को अनुपयोगी वस्तुओं के भंडारण और उनके कूड़े में फेंकने की समस्या से निजात मिलेगी। जरूरतमंदों को इसका लाभ मिलेगा।
बीपी भट्ट,
अधिशासी अधिकारी, विकासनगर
नगर पालिका विकासनगर ने एक अच्छी पहली की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार स्वच्छता अभियान को एक आदर्श श्रेणी तक ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। हर शहरवासी का कर्तव्य बनता है कि इस तरह की अभिनव पहल में सहयोग कर स्वच्छ भारत विकसित भारत की सोच को आगे बढ़ाए। आपकी दान की की गई वस्तु किसी जरूरतमंद के काम आए, इससे बड़ा परोपकारी कार्य क्या हो सकता है।
मुन्ना सिंह चौहान, विधायक, विकासनगर