आईएसबीटी परिसर में इन दिनों कुत्तों के आतंक के कारण यात्री परेशान हैं। आए दिन यह कुत्ते यात्रियों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। आलम यह है कि परिवहन निगम और रैमकी कंपनी के अधिकारी इन आवारा कुत्तों पर नियंत्रण से पल्ला झाड़ रहे हैं।
वैसे तो यात्रियों को उच्च स्तरीय परिवहन सेवाएं मुहैया कराने को लेकर परिवहन निगम और आईएसबीटी बस अड्डा संचालित करने वाली निजी कंपनी रैमकी के अधिकारी बड़े-बड़े दावे करते हैं। लेकिन हकीकत यह है कि आईएसबीटी की स्थिति बदहाल है। यहां दिन-रात आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं और लोगों को काटकर घायल करते रहते हैं। आईएसबीटी परिसर में दुकानें संचालित करने वाले कारोबारी भी आवारा कुत्तों के हमलों से परेशान हैं। कई बार यात्री और दुकानदार निगम व कंपनी के अधिकारियों से इस संबंध में शिकायत कर चुके हैं। लेकिन वह कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं हैं। परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक संजय गुप्ता का कहना है कि आवारा कुत्तों को भगाने की जिम्मेदारी रैमकी कंपनी की है। परिवहन निगम का इससे कोई लेना देना नहीं है। वहीं, रैमकी कंपनी के अधिकारियों से जानकारी लेनी चाही तो संपर्क नहीं हो पाया।