दून महिला अस्पताल की ओपीडी में पंद्रह दिन तक बच्चों को इलाज नहीं मिल पाएगा। अस्पताल की ओपीडी देखने वाली एकमात्र बाल रोग विशेषज्ञ छुट्टी पर चली गई हैं।
अस्पताल प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है। दून महिला अस्पताल में चार बाल रोग विशेषज्ञ हैं। इनमें से तीन की ड्यूटी न्यू बॉर्न सिक केयर यूनिट में होती है, जबकि ओपीडी में एक ही डॉक्टर रहती हैं।
ओपीडी में रोजाना करीब 50-60 बच्चे आते हैं। डिलीवरी के दौरान भी ओपीडी में तैनात डॉक्टर को बुलाया जाता है। लेकिन ओपीडी देखने वाली डॉक्टर तृप्ति बहुगुणा ने दो से 16 दिसंबर तक 15 दिन की छुट्टी ली है। इससे अस्पताल में ओपीडी और डिलीवरी के काम प्रभावित होना तय है।