इलाज के दौरान मरीज की मौत पर परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत की है। सांस की समस्या बढ़ने पर मरीज को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सीएम पोर्टल और सीएमओ से की गई शिकायत में धर्मपुर द्रोणपुरी निवासी जगदीश ने बताया कि उनके पिता बंशीधर जोशी (86) को दो मई को सांस की समस्या बढ़ने पर कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया। ऑक्सीजन लगाए जाने के बाद उनके पिता को राहत मिलने लगी। तीन मई को डॉक्टर ने अचानक खबर दी कि उनके पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई है।
जगदीश ने आरोप लगाया कि डॉक्टर और अस्पताल के स्टाफ की लापरवाही से उनके पिता की मौत हुई है। आरोप लगाया कि सांस की समस्या हाेने के बाद भी उनके पिता को बिना ऑक्सीजन मास्क के शौचालय ले जाया जाता था। इसके अलावा ह्रदय रोग विशेषज्ञ की निगरानी में उनका इलाज नहीं किया गया।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करवाने की मांग
जगदीश ने मांग की कि अस्पताल के आईसीयू, एक्सरे आदि जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी चेक किए जाएं। उन्होंने इलाज में लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की मांग की।
-
परिजनों की ओर से शिकायत मिली है। मामले की जांच के लिए अस्पताल प्रशासन से रिपोर्ट मांगी गई है। इसके बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. संजय जैन, सीएमओ, देहरादून