जिलाधिकारी सविन बंसल ने एक शिकायत की सुनवाई करते हुए त्यूणी में प्रवेश परीक्षा केंद्र बनाने के लिए नवोदय विद्यालय के डिप्टी कमिश्नर को पत्र भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने इस साल परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए जिला योजना से फंड की स्वीकृति प्रदान की।त्यूणी निवासी बसंत शर्मा ने जिलाधिकारी को दी शिकायत में बताया कि नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा का केंद्र चकराता में है। परीक्षा में शामिल होने के लिए त्यूणी तहसील क्षेत्र के दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को चकराता जाना पड़ता है। पिछले वर्ष जिला प्रशासन ने प्रवेश परीक्षा केंद्र तक आवाजाही के लिए वाहन की व्यवस्था कराई थी। इस परीक्षा में क्षेत्र के 27 बच्चों का चयन नवोदय विद्यालय के लिए हुआ था। उन्होंने जिलाधिकारी से बच्चों के लिए परिवहन की व्यवस्था करने के साथ ही परीक्षा केंद्र त्यूणी में बनाए जाने की मांग की। उनकी मांग पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी ने जिला योजना से मौके पर ही बच्चों को परीक्षा के लिए चकराता लाने-ले जाने के लिए फंड की स्वीकृति दे दी। इसके साथ ही उन्होंने त्यूणी में प्रवेश परीक्षा केंद्र बनाए जाने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी को डिप्टी कमिश्नर नवोदय विद्यालय को जिलाधिकारी की ओर से पत्र तैयार करने के निर्देश भी दिए।