निर्वाचन विभाग मतदान की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगा है। जिला निर्वाचन अधिकारी सोनिका ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स काॅलेज में बनाए जा रहे स्ट्रांग रूम, निर्वाचन सामग्री वितरण स्थल की व्यवस्थाएं देखी।
उन्होंने अधिकारियों को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स काॅलेज में बैरिकेडिंग, टेंट, सीटिंग व्यवस्था, वाहन पार्किंग व्यवस्था समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सामग्री वितरण स्थल पर विद्युत, पेयजल, शौचालय आदि समस्त सुविधा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जाएं।
कहा कि स्ट्रांग रूम एवं उसके बाहर सीसीटीवी कैमरे से 24×7 घंटे निगरानी की जाए तथा फुटेज को सुरक्षित रखा जाए। स्ट्रांग रूम परिसर के बाहर 24×7 सुरक्षा व्यवस्था हेतु सशस्त्र बल तैनात रहेंगे। सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हर गिरि गोस्वामी, नगर आयुक्त ऋषिकेश रिटर्निंग अधिकारी शैलेंद्र नेगी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी ऋषिकेश कुमकुम, सहायक रिटर्निंग अधिकारी डोईवाला अपर्णा ढौंडियाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पीसी त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।