पटेलनगर स्थित अजय गिफ्ट गैलरी के अजय रोहिला ने बताया कि चाइनीज लड़ियों में कम कीमत और अच्छी क्वालिटी के साथ कई तरह की वैरायटी भी उपलब्ध है। चीन की स्टार लाइट, दीया और हार्ट शेप की लड़ियां भी खूब पसंद की जा रही हैं।
ये ज्यादातर क्रिसमस के दौरान सजावट के काम आती हैं, लेकिन इन दिनों लोग त्योहारों में भी इसे खरीदते हैं। ये घर को अंदर से सजाने में इस्तेमाल की जाती है। जबकि भारतीय लड़ी केवल एक ही पैटर्न पर बनी होती है। इसमें वैरायटी बहुत कम है।
पार्क रोड पर इलेक्ट्रॉनिक शॉप के अनिल कुमार ने बताया कि बहुत से लोग शुरुआत में चाइनीज सामान नहीं दिखाने को कहते हैं। लेकिन चाइनीज सामान की कम कीमत को देखते हुए ज्यादातर लोग इसी को खरीदना पसंद करते हैं। हालांकि कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो ज्यादा कीमत के बावजूद भारतीय या लोकल सामान ही खरीद रहे हैं।
कोविड-19 के कारण पिछले लंबे समय से शांत पड़े बाजारों में इन दिनों त्योहार से रौनक आने लगी है। दुकानदारों ने भी त्योहारों को देखते हुए पर्याप्त सामान मंगा लिया है। इलेक्ट्रॉनिक की ज्यादातर दुकानों में लड़ियों के साथ ही अन्य सजावटी सामान भी खूब मिल रहे हैं। इनमें भी चाइनीज सामानों की भरमार है।
चाइनीज सामानों की कीमत भी बढ़ी
इस साल बाजार में चाइनीज सामानों की कीमत में भी इजाफा हुआ है। फुटकर व्यापारियों के अनुसार चीन से सामान कम आने का हवाला दिया जा रहा है। सामान्य लड़ियों की कीमत में भी पांच से 10 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते 25 रुपये में बिकने वाली छोटी चाइनीज लड़ी इस बार 30 रुपये तक बिक सकती है।