बल्लूपुर चौक के पास गाड़ी हटाने को कहने पर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर कई युवकों ने हेलमेट, लाठी, रॉड और चाकू से हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति घायल हो गया, जबकि आरोपियों ने उसकी स्कोडा रैपिड कार में भी तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर बसंत विहार थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में कैलाशपुरी निवासी नवीन भाटिया ने बताया कि 22 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे वह घर से बाहर जा रहे थे। घर के बाहर एक मोटरसाइकिल खड़ी थी, जिस पर एक युवक बैठा था। उन्होंने युवक से मोटरसाइकिल हटाने को कहा तो वह बहस करने लगा। आरोप है कि इसके बाद जब नवीन भाटिया अपनी कार से भारत पेट्रोल पंप, बल्लूपुर चौक के पास पहुंचे तो वही मोटरसाइकिल सवार युवक अपने कई साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि युवकों ने उन्हें घेरकर हेलमेट, लाठी, रॉड और चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनकी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की।
हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए दून अस्पताल ले गए, जहां उनका मेडिकल कराया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावर उसे जान से मारने की धमकी भी देकर गए। बसंत विहार थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।