उत्तराखंड शासन में सचिव स्तर के दो आईएएस अफसरों में जोरदार टकराव की स्थिति है।
मामला परिवहन सचिव सीएस नपल्चयाल और एक अन्य सचिव के बीच बिना किसी वाजिब कारण के ट्रांसपोर्ट कमिश्नर कार्यालय को खुलवाने और उसमें खोजबीन करने को लेकर गरमाया है। शनिवार को आईएएस अफसरों के व्हाट्स एप ग्रुप में परिवहन सचिव नपल्चयाल ने पूछा है कि आखिर किस हैसियत से कार्यालय खुलवाया गया और इसके पीछे मंशा क्या थी।
उन्होंने मामले की शिकायत मुख्य सचिव से करने की बात भी कही है। उत्तराखंड काडर के अफसरों का व्हाट्स एप पर एक ग्रुप है। शनिवार की देर रात सचिव परिवहन सीएस नपल्चयाल ने एक पोस्ट डाला। इसमें उन्होंने एक दूसरे सचिव से पूछा है कि वे आज देर शाम ट्रांसपोर्ट कमिश्नर कार्यालय में क्यों गए।
इसके अलावा उन्होंने बंद होने के बावजूद ट्रांसपोर्ट कमिश्नर, एडिशनल ट्रांसपोर्ट कमिश्नर का कार्यालय और मीटिंग हॉल को क्यों और किस हैसियत से खुलवाया। उन्होंने इस प्रकार कार्यालयों को खुलवाने का कारण पूछा है। साथ ही स्थिति स्पष्ट करने के लिए भी कहा है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने मुख्य सचिव से भी मामले की शिकायत करने की बात अपने पोस्ट में कही है। वहीं जवाब में आरोपी सचिव ने कहा है कि वे केवल अपने पूर्व कार्यालय में भ्रमण करने के मकसद से गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान उनका बेटा भी उनके साथ था, जिसकी इच्छा पूरी करने के लिए वे ट्रांसपोर्ट कमिश्नर के कार्यालय में पहुंचे थे।
ऐसे में बुरा लगने पर उन्होंने माफी भी मांगी है। माना जा रहा है कि सोमवार को यह प्रकरण मुख्य सचिव के पास भी पहुंचेगा। गौरतलब है कि सचिव स्तर के जिस अधिकारी पर ट्रांसपोर्ट कमिश्नर कार्यालय को खुलवाने का आरोप है, वे इस पद पर पूर्व में तैनात रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो सचिव परिवहन को सूचना मिली तो उन्होंने संबंधित अधिकारी को फोन करके इस बारे में पूछा, मगर उनका फोन नहीं उठा। इसके बाद उन्होंने अपर आयुक्त परिवहन से पूरे प्रकरण की लिखित रिपोर्ट भी तलब की है।