सीएम बोले- पेंशन के लिए 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों का किया जाए सर्वे
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक क्लिक के माध्यम से साढ़े सात लाख से अधिक पेंशनर्स के खातों में अप्रैल की पेंशन जारी की। समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 756682 लाभार्थियों को 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि का भुगतान किया गया। इस भुगतान में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन शामिल है।
सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा, सरकार अंत्योदय के लिए समर्पित है। उन्होंने आर्थिक-सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने बताया कि जरूरतमंदों को पेंशन का लाभ दिलाने के लिए लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के फलस्वरूप, हर साल 60 हजार से अधिक नए लोग समाज कल्याण की पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं। अधिकारियों को भविष्य में भी ऐसे बहुउद्देशीय शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। धामी ने वार्षिक आय के मानदंडों को व्यावहारिक बनाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल पाएगा। बैठक में प्रमुख सचिव आरके. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी आदि मौजूद रहे।
लाभार्थियों तक पहुंच और प्रक्रिया सरलीकरण
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर साल 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों के बीच सर्वेक्षण किया जाए। इसका उद्देश्य पात्र लाभार्थियों के आवेदन पत्र सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी करना है। ताकि 60 साल की उम्र पूरी होते ही उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि पेंशन योजनाओं सहित विभाग की अन्य योजनाओं की जानकारी एक जगह पर उपलब्ध कराई जाए।
-
नवाचार, संवाद और योजनाएं हैं पारदर्शित
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समाज कल्याण के क्षेत्र में नवाचार अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग कुछ अच्छी प्रथाओं को अन्य विभागों के साथ भी साझा करे, उन्होंने कॉल सेंटर के माध्यम से बुजुर्गों और पेंशनर्स से संवाद स्थापित करने को भी कहा। इस अवसर पर विभागीय मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में विभाग हर जरूरतमंद का ध्यान रख रहा है। उन्होंने बताया कि पेंशन योजनाओं में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है।