एसआईआर नोटिसों में सुनवाई की तिथि में गड़बड़ी, भड़के विधायक प्रीतम सिंह- कालसी में कांग्रेस बीएलए की बैठक में उठा मामला विधायक ने एसडीएम को फोन कर डीएम से शिकायत की दी चेतावनी
फोटो...
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। विधानसभा चकराता क्षेत्र में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की लापरवाही का मामला सामने आया। शनिवार को कालसी स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की बैठक में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बीएलओ की ओर से वितरित नोटिसों और प्रशासन की आधिकारिक सूची में सुनवाई की तिथियां अलग-अलग हैं। कई नोटिसों में तिथि काटे जाने की शिकायत पर विधायक प्रीतम सिंह ने नाराजगी जताते हुए मौके से ही उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्रेमलाल को फोन मिलाया और पूरे प्रकरण की शिकायत जिलाधिकारी से करने की चेतावनी दी।
बैठक में पछवादून जिला कांग्रेस कमेटी के साथ चकराता और कालसी ब्लॉक के बीएलए शामिल हुए। विधायक प्रीतम सिंह ने प्रथम चरण में सामने आई त्रुटियों और दूसरे चरण में दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने सभी बीएलए से आह्वान किया कि वे पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी से कार्य करें, ताकि क्षेत्र के प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज हो सके।
वहीं, मामले में एसडीएम प्रेमलाल ने स्पष्ट किया कि दावों और आपत्तियों की सुनवाई पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तय तिथियों पर ही संबंधित पोलिंग बूथों पर होगी और सभी मामलों का निष्पक्ष निस्तारण किया जाएगा। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सरदार सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य दीवान सिंह तोमर और सुरेंद्र सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।