गंदे पानी ने देहरादून के स्मिथ वासियों की दिक्कत बढ़ाई हुई है। लोग गंदे पानी को छानकर इस्तेमाल कर रहे हैं।
नाली के बीच से होकर गुजर रही पानी की लाइन
शिकायत के बावजूद भी समस्या का हल नहीं होने पर लोगों में जल संस्थान के खिलाफ रोष है। स्मिथ नगर में डेढ़ सौ मीटर के दायरे में गंदा पानी आ रहा है। दरअसल यह पानी की लाइन नाली के बीच से होकर गुजर रही है।
हल्का सा भी लीकेज होने पर लाइन में नाली की गंदगी भर जाती है। इससे एक ओर लाइन चॉक होने की समस्या आ रही है, तो दूसरी ओर जो पानी पहुंच रहा है वो भी गंदा और बदबूदार।
जल संस्थान की ओर से पाइप लाइन बदले जाने का आश्वासन तो कई बार मिल चुका है हालांकि लाइन अब तक बदली नहीं गई है।
इस संबंध में वार्ड मेंबर मोहनपुर-स्मिथ नगर गीता बिष्ट ने कहा कि जल संस्थान में शिकायत की जा चुकी है, यदि जल्द इस ओर ध्यान नहीं दिया जाता है तो एक सप्ताह के भीतर जल संस्थान की पित्थूवाला जोन में अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।
तीन दिनों से पाइप लाइन लीकेज
दूसरी ओर टर्नर रोड स्थित लेन नंबर-12 में भी तीन दिनों से पाइप लाइन लीकेज है। लेकिन जल संस्थान इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
लोगों का कहना है कि शिकायत के बाद एक बार विभाग की ओर से यहां काम तो किया गया लेकिन सिर्फ खुदाई कर चलते बने।
इसके बाद तीन दिन हो चुके हैं यहां कोई लीकेज सही करने नहीं आया। पहले ही लीकेज से परेशान थे अब खुदाई ने और भी दिक्कतें बढ़ा दी हैं।