महासंघ 27 सूत्री मांगों पर अमल न होने से नाराज
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। लंबित 27 सूत्री मांगों पर अमल न होने से नाराज उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने 18 फरवरी से चरणबद्ध आंदोलन का एलान किया है। महासंघ के प्रांतीय महासचिव वीरेंद्र सिंह गुंसाई ने कहा, 18 फरवरी को सभी जिला मुख्यालयों में धरना दिया जाएगा। इसके बाद 23 फरवरी को महासंघ सचिवालय कूच करेगा।
महासंघ के महासचिव ने कहा कि महासंघ की उच्चाधिकारी संघ की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पहले चरण में 23 फरवरी तक आंदोलन किया जाएगा। जिसके तहत दो फरवरी को सभी जिलों में शाखा मुख्यालयों में महासंघ की बैठक होगी। इसके बाद 10 फरवरी को सभी जिला मुख्यालयों में बैठक होगी। महासंघ के महासचिव के मुताबिक महासंघ के सभी सदस्य सीधे विकास कार्यों से जुड़े हैं। जिसके अधिकतर सदस्य विषम भौगोलिक परिस्थितियों में काम करते हैं। इसके बाद भी उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है।