पर्यटन मंत्री दिनेश धनै ने एक बार फिर बिना नाम लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को चुनौती दी है। उन्होंने ‘बयानवीर’ बनने के बजाय टिहरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का न्यौता दिया। इसके साथ ही हरीश रावत सरकार को आखिरी दिन तक समर्थन देते रहने की बात कही।
पत्रकारों से बातचीत में धनै ने कहा कि वे टिहरी सीट से ही चुनाव लड़ेंगे। जिसको मुकाबला करना हो, मैदान में आ जाए। जब यह सवाल पूछा गया कि वहां से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय फिर कांग्रेस के टिकट पर टिहरी से ही चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि चाहे कोई भी उनके खिलाफ आना चाहे, स्वागत है।
उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन किस पार्टी से लड़ने के लिए आ रहा है। पीडीएफ को लेकर सरकार और कांग्रेस संगठन में रार की बात पर उन्होंने कहा कि पीडीएफ ने हरीश रावत को समर्थन दिया है, न कि कांग्रेस संगठन को। हमारा इस सरकार को आखिरी दिन तक समर्थन जारी रहेगा।
बाकी किस पार्टी का संगठन किस तरह चल रहा है, यह हमारी चिंता का विषय नहीं है। किसी अन्य दल को चलाने की जिम्मेदारी हमारी नहीं है। पीडीएफ के कुछ सदस्यों के कांग्रेस के टिकट पर लड़ने पर उन्होंने कहा कि हम सभी अलग-अलग चुनाव जीत कर आए थे। सबके सामने अलग-अलग परिस्थितियां हैं। इसलिए सब साथी चुनाव के मामले में फैसला अपने हिसाब से लेंगे।