मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने लक्ष्मी गार्डन निवासी विक्रम पर दिनदहाडे़ कुल्हाड़ी से हमलाकर 20 हजार की नगदी और अन्य सामान लूट लिया।
बदमाशों ने नेशनल हाईवे नंबर-73 ए पर गांव उधमगढ़ के नजदीक वारदात को अंजाम दिया। गंभीर हालत में विक्रम को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे पीजीआई की बजाए, शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यमुनानगर की लक्ष्मी गार्डन कॉलोनी निवासी घायल विक्रम ने बताया कि उसकी पत्नी भावना छछरौली स्थित एक बैंक में नौकरी करती है। उसे वह प्रतिदिन मोटरसाइकिल से छछरौली छोड़कर आता है। शुक्रवार सुबह करीब सवा दस बजे छछरौली से लौट रहा था, तो रास्ते में नेशनल हाइवे नंबर-73 पर पीर के नजदीक (उधमगढ़ गांव का क्षेत्र) पीछे से बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल पर तीन नकाबपोश बदमाश आए।
उन्होंने उसकी मोटरसाइकिल के समक्ष अपनी बाइक को अड़ा दिय। इससे पहले की वह कुछ समझ पाता, बाइक सवार बदमाशों ने उससे रुपयों की मांग की और मारपीट शुरू कर दी। जब उसने उनका विरोध किया, तो एक बदमाश ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर हमला बोल दिया, जिसके बाद वह लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़ा। इसी बीच बदमाशों ने उसके सिर पर कुल्हाड़ी से दो और प्रहार किए।
सड़क पर गिरकर जब वह करहाने लगा, तो एक बदमाश ने उसकी छाती पर कुल्हाड़ी से प्रहार किया, जिसे उसने अपनी बाजू से रोक लिया। कुल्हाड़ी उसकी बाजू पर लगी। बदमाश उसकी जेब से 20 हजार की नगदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। जाते-जाते बदमाश उसे पास की झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गए।
हाईवे से गुजर रहे एक आल्टो चालक ने गंभीर हालत में विक्रम को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया और उसके परिजनेां को सूचित किया। अस्पताल के डाक्टर्स ने विक्रम की गंभीर हालत के मद्देनजर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। लेकिन उसके परिजनों ने उसे शहर के निजी अस्पताल में दाखिल करा दिया। जांच अधिकारी बुडिया गेट चौकी प्रभारी धर्मपाल का कहना है कि पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गाड़ियों की खरीद फरोख्त का काम करता है विक्रम
विक्रम ने बताया कि वह पिछले 14 साल से गाड़ियों की खरीद फरो त का काम कर रहा है। जिन नकाबपोश बदमाशों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया है, वह उन्हें नहीं जानता। विक्रम ने बताया कि बदमाश बिना नंबर की डिस्कवर बाइक पर सवार होकर आए थे, लूट के बाद घटना स्थल से फरार हो गए।
लूट की वारदात के बाद क्षेत्र में फैली सनसनी
दिन दिहाडे़ नेशनल हाईवे पर लूट की वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जिसे भी घटना के बारे में पता चला, वहीं वारदात के बारे में जानने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गया। हालांकि लूट की वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने क्षेत्र की नाकाबंदी भी की, लेकिन बदमाशों को कहीं कोई सुराग नहीं लगा।