मैंने इतना हैंडसम व्यक्ति आजतक नहीं देखा : नागलिया
प्रभात सिनेमा के स्वामी दीपक नागलिया धर्मेंद्र को याद करते हुए कहते हैं कि 1967 में धर्मेंद्र दुल्हन एक रात की फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में देहरादून आए थे। इस दौरान उनके घर पर पार्टी आयोजित की गई। पार्टी में धर्मेंद्र आए थे। नागलिया बताते हैं कि उस वक्त वे 15 वर्ष के थे। आज भी वह रात मैं नहीं भूलता हूं। मैं एकटक उन्हें देख रहा था। इतना हैंडसम व्यक्ति मैंने आज तक नहीं देखा है। धर्मेंद्र दो दिनों तक लगातार पार्टी में उनके घर आए। दीपक नागलिया कपूर परिवार के भी काफी नजदीकी रहे हैं। वह यहां पर करीना कपूर के स्थानीय अभिभावक भी रहे हैं। उस वक्त करीना कपूर यहां व्हेल्म्स गर्ल्स स्कूल में पढ़ाई कर रही थीं।
जब अपने ब्रांड के साथ अकेले बैठ गए धर्मेंद्र
नागलिया बताते हैं कि उनके घर पार्टी में जब धर्मेंद्र आए तो उनका पसंदीदा ब्रांड भी रखा गया था। सभी लोग आपस में बातचीत कर रहे थे। धर्मेंद्र अपने ब्रांड के साथ अकेले बैठ गए और रात के 12 बजे तक पार्टी करते रहे। अगले दिन जब वह यहां आए तो फिर से उन्होंने यही रूटीन अपनाया। सभी लोग डिनर खत्म कर चले गए और धर्मेंद्र सबसे बाद में पार्टी से वापस लौटे थे।