धनतेरस पर शुक्रवार को सराफा बाजार में रौनक बढ़ गई है। सोना-चांदी खरीदने के लिए लोग दुकानों पर पहुंच रहे हैं। सराफा मंडल देहरादून की ओर से जारी 6 नवंबर 2026 की संकेतक दरों के अनुसार, 24 कैरेट सोने का बिक्री भाव 10 ग्राम के लिए 1,45,900 रुपये है। वहीं 22 कैरेट सोने का भाव 1,30,400 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है। 18 कैरेट सोने का भाव 1,07,700 रुपये और 14 कैरेट का भाव 85,000 रुपये प्रति 10 ग्राम है। चांदी का खुदरा बिक्री भाव 1,960 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
सराफा व्यापारी संदीप रस्तोगी ने बताया कि धनतेरस के लिए लोगों ने पहले से ही कई चीजों की बुकिंग करवा ली है। इस बार खासतौर पर आधे ग्राम के सोने के सिक्कों और चांदी की मूर्तियों की मांग है। सोने-चांदी के आभूषणों के साथ ही पूजा में इस्तेमाल होने वाले चांदी के हाथी, मछली, कछुए और उल्लू की भी लोगों ने बुकिंग कराई है। व्यापारियों के मुताबिक, कीमतें बढ़ने के बावजूद खरीदारी जारी है।
वहीं, धनतेरस को देखते हुए बर्तनों के बाजार में भी रौनक है। स्टील व्यापारी रमेश नरेश ने बताया कि इस बार स्टील के बर्तनों की मांग को देखते हुए मुंबई और कोलकाता से प्लेट, कटोरी और गिलास के सेट मंगाए गए हैं। सोने-चांदी के अलावा तांबा, पीतल और स्टील के बर्तनों की भी खरीदारी हो रही है।
उधर, मसूरी के ऐतिहासिक लंढौर बाजार में भी दीपावली की तैयारियां नजर आने लगी हैं। दुकानों को रंग-बिरंगी बिजली की लड़ियों, आकर्षक लाइटों, बर्तनों और पूजन सामग्री से सजाया गया है। बाजार में पटाखों, फुलझड़ियों और घरों को सजाने वाले सामान की दुकानें भी तैयार हैं। व्यापारी रवि गोयल, सुरेश नौटियाल और अतुल अग्रवाल को धनतेरस पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है। उनका कहना है कि पर्व के चलते बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है।