पीडीएफ कोटे के मंत्री दिनेश धनै ने कांग्रेस संगठन को लेकर उपजे विवाद को थामने की कोशिश भी की है। सोमवार को यहां पहुंचे पर्यटन मंत्री ने कहा कि वे इस बार भी टिहरी से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय लगातार यह कहते आ रहे हैं कि पीडीएफ के मंत्री स्थिति साफ करे कि वह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे या नहीं।
यहां बोट हाउस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में पर्यटन मंत्री ने साफ किया कि उनकी हाईकमान क्षेत्र की जनता है और जनता ने उन्हें टिकट दे दिया है। धनै ने कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में पर्यटन के क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिल सके, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
धनै ने कहा कि पीडीएफ राजनीतिक दल नहीं है, पीडीएफ ने कांग्रेस सरकार को केवल समर्थन दिया है। धनै ने कहा कि उन्होंने न तो कांग्रेस से टिहरी से टिकट मांगा है और न ही उनकी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की मंशा है। बोले कि 2003 से टिहरी से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं और इस बार भी निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से है ठनी
पिछले कुछ समय से टिहरी विधानसभा को लेकर धनै और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के बीच में भी ठनी हुई है। किशोर लगातार यह कह रहे हैं कि पीडीएफ और कांग्रेस के बीच चुनाव को लेकर स्थिति साफ होनी चाहिए। पीडीएफ के नेताओं को यह साफ करना चाहिए कि वे कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे या निर्दलीय। ब्यूरो
भूमि की उपलब्धता पर बनेगी पार्किंग
नैनीताल में सीजन के दौरान पार्किंग व्यवस्था के सवाल पर पर्यटन मंत्री धनै ने कहा कि नैनीताल में यह समस्या काफी लंबे समय से चल रही है। भूमि की उपलब्धता के आधार पर नैनीताल में पार्किंग की समस्या का प्राथमिकता से समाधान होगा। वार्ता में विधायक सरिता आर्या, कांग्रेस नगर अध्यक्ष मारुति नंदन साह, सभासद सरवर अली खान आदि थे।