- पूजा-अर्चना करके सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर/सेलाकुई/कालसी/साहिया/चकराता। नववर्ष के पहले दिन पछवादून व जौनसार बावर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ी। मंदिर आए श्रद्धालुओं ने देव दर्शन करके अपने व अपने परिवार और नाते-रिश्तेदारों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
विकासनगर स्थित दुर्गा मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर, माता मंदिर, जैन मंदिर, हनुमतधाम आदि में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भारी संख्या में महिला, पुरुष व बच्चों ने देवी-देवताओं के दर्शन कर प्रार्थना की। सेलाकुई स्थित खाटू श्याम धाम मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। बाबा के दर्शन के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंच जाने से देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग एक किलोमीटर लंबी लाइन लगी रही। इस अवसर पर बाबा श्याम का विधि-विधान से भव्य शृंगार किया गया। मंदिर प्रांगण में बाबा श्याम का विशेष संकीर्तन आयोजित किया गया जिसमें राजीव राजा ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
इस मौके पर मंदिर समिति के संस्थापक गौरव गुप्ता, सचिन, मुकुल शर्मा, अमरजीत, देश प्रेमी, अंकुश आदि मौजूद रहे। कालसी क्षेत्र के ग्रामीणों ने नववर्ष के प्रथम दिन मंदिरों में पूजा-अर्चना की। इस दौरान क्षेत्र के प्राचीन महाकाली मंदिर, दुर्गा मंदिर कालसी बाजार, दुर्गा मंदिर हरिपुर, प्राचीन महा शिव मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटी रही। महाकाली मंदिर कालसी में पीठाधीश्वर पंडित भरत शर्मा व उनके सहयोगियों ने विशेष पूजा अनुष्ठान का आयोजन किया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
साहिया क्षेत्र में श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य देवताओं के मंदिरों में पूजा-अर्चना करके अपने बच्चों व परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस दौरान खत शैली के दोहा गांव स्थित छत्रधारी चालदा महासू देवता के मंदिर में प्रात:काल से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। इसके अलावा भंजरा-पंचरा मंदिर में भी भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने देव-दर्शन करके पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर खत शैली के सदर स्याणा व मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तोमर, महावीर चौहान आदि उपस्थित रहे।
चकराता के लाखामंडल स्थित प्राचीन शिव मंदिर व भटाड़ स्थित बाबा केदार मंदिर में भारी संख्या में ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना की। इस दौरान भाजपा की पूर्व मंडल उपाध्यक्ष बचना शर्मा समेत ग्रामीणों ने लाखामंडल के पौराणिक शिवलिंग का जलाभिषेक किया। इस दौरान पंडित तजीराम, ओमप्रकाश, महिमानंद गौड़, ग्राम प्रधान बीना भट्ट, पंडित सुरेश शर्मा, पंडित नरेश बहुगुणा, राजेंद्र शर्मा, पंडित प्रकाश बहुगुणा, अक्षित शर्मा आदि उपस्थित रहे।