अब पानी की जांच के लिए सैंपल लैब में ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उत्तराखंड विज्ञान, शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र (यूसर्क) और बिड़ला इंस्टीट्यूट भीमताल ने ऐसा डिवाइस बनाने में सफलता पाई है जिसे पानी में डुबोते ही उसमें मौजूद तत्वों की सारी जानकारी मिल जाएगी।
डिवाइस का शुरुआती प्रयोग सफल रहा है। अगर पानी में किसी तत्व का सामंजस्य बिगड़ा तो इससे जुड़े मोबाइल फोन पर अलर्ट एसएमएस आ जाएगा। लैब टु लैंड नीति के तहत अनुसंधानों को आमजन के लिए उपयोगी बनाने की मंशा से यह डिवाइस तैयार की जा रही है। यूएनडीपी के बैनर तले राजभवन में आयोजित कार्यशाला के वैज्ञानिक सत्र में इस डिवाइस के संबंध में यूसर्क और यूसैक के निदेशक प्रोफेसर दुर्गेश पंत ने जानकारी दी।