-भावना मेहरा ने संभाला आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष का कार्यभार
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। आवास सलाहकार परिषद की नवनियुक्त उपाध्यक्ष भावना मेहरा ने सचिवालय में विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। आवास सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने उन्हें पदभार ग्रहण कराया।
उपाध्यक्ष भावना ने प्रदेश में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश उनके नेतृत्व में विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मैं टीम उत्तराखंड की भावना के साथ कार्य करते हुए जनकल्याण को सबसे ऊपर रखूंगी। मेरी कोशिश रहेगी कि अपनी जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ निभाते हुए प्रदेश के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका सुनिश्चित कर सकूं।
-
प्राधिकरणों की होगी नियमित समीक्षा
प्रदेश के विकास ढांचे को मजबूती देने के लिए उपाध्यक्ष ने अपनी कार्ययोजना स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है ताकि आम जनता को इनका सीधा लाभ मिले। प्रदेश के सभी जिला विकास प्राधिकरणों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। योजनाओं की प्रगति जानने के लिए प्रत्येक जिले में विकास प्राधिकरणों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें की जाएंगी। कहा कि आवास से जुड़े विषयों और जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।