लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने गंगा में किया दीपदान
परमार्थ घाट में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने दीपदान और दो मिनट का मौन धारण कर गुजरात के मोरबी में मच्छु पुल के टूटने से मारे गए लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश में घटने वाली इस तरह की घटनाएं अत्यंत दु:खद है। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार और समाज को मिलकर कार्य करने की जरूरत है
मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष परमार्थ निकेतन आश्रम पहुंचे। उन्होंने यहां उन्होंने परमार्थ घाट पर विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में प्रतिभाग किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, स्वामी चिदानंद सरस्वती और स्वामी नारायण गुरुकुल के प्रमुख संत माधवप्रिय दास ने गंगा में दीपदान कर भगवान से मोरबी में मच्छु पुल के टूटने से मारे गए लोगों को सद्गति देने की प्रार्थना की।
स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि गुजरात के मोरबी में रविवार को हुए हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस तरह की दुर्घटनाएं सभी के हृदय को विचलित कर देती हैं। इस घटना से कई परिवार बिखर गए। अनेकों लोगों ने अपनों को खो दिया। स्वामी चिदानंद ने ओम बिड़ला को रुद्राक्ष का पौधा भेंटकर उनका अभिनंदन किया।