ऊर्जा निगम के मोहनपुर सब-डिविजन में एक और जेई की तैनाती कर दी गई है। अब यहां दो जेई हो गए हैं। दो दिन पहले जेई के ट्रांसफर होने के बाद तीस हजार उपभोक्ताओं पर मात्र एक जेई रह गया था। एक और जेई की तैनाती से जहां उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, वहीं विभागीय कार्यों में होने वाली दिक्कत भी कम होगी।
विदित है कि ऊर्जा निगम के मोहनपुर जोन के अंतर्गत मोहनपुर सब-डिविजन में करीब चालीस हजार से अधिक उपभोक्ता थे, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। साथ ही विभागीय कार्यों में भी काफी दिक्कतें आती थी। स्थानीय लोगों की मांग के बाद मोहनपुर सब-डिविजन को तोड़कर गणेशपुर सब-डिवजन के नाम से नया डिविजन बनाया गया। गणेशपुर डिविजन में क्षेत्र के लगभग बीस हजार उपभोक्ताओं को जोड़ा गया। मोहनपुर सब-डिविजन में अभी भी मानकों से अधिक तीस हजार उपभोक्ता हैं। पहले यहां तीन जेई पूरे डिविजन का काम देखते थे, लेकिन दो दिन पहले यहां से दो जेई का ट्रांसफर कर दिया गया, जिससे मोहनपुर डिविजन में तीस हजार की जनसंख्या पर मात्र एक जेई रह गया था।
उपभोक्ताओं की समस्याओं को देखते हुए अमर उजाला ने एक जेई पर 30 हजार की कमान शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित किया था। संज्ञान लेते हुए विभाग की ओर से बुधवार को मोहनपुर सब-डिविजन में एक और जेई की तैनाती के आदेश कर दिए हैं। विभाग की ओर से विद्युत वितरण खंड ग्रामीण से संबद्ध जेई हेमंत कुमार को मोहनपुर सब-डिविजन भेजा गया है। अब यहां दो जेई हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने इसके लिए अमर उजाला का आभार प्रकट किया है। आरकेड़िया ग्रांट की पूर्व उपप्रधान व स्थानीय निवासी गीता बिष्ट ने कहा कि एक और जेई की तैनाती से क्षेत्र की जनता को काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने इसके लिए अमर उजाला का भी आभार प्रकट किया।