बुखार प्रभावित नया गांव पेलियो और उसके आसपास के गांवों में स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम लगातार कैंप कर रही है। आज भी डेंगू मच्छर के लार्वा को नष्ट करने, मरीजों की जांच और जागरूकता के लिए क्षेत्र में अभियान चलाया गया।
अमर उजाला ने 16 अक्तूबर के अंक में नया गांव पेलियो और उससे सटे विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों के बुखार से पीड़ित होने की खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद से स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम लगातार इन क्षेत्रों में अभियान चला रही है। आज यहां आठ लोग बुखार से पीड़ित मिले।
जिनमें से चार के रक्त सैंपल डेंगू की एलाइजा जांच के लिए दून अस्पताल भेजे गए हैं। इस तरह से क्षेत्र में अब तक बुखार के 35 से अधिक मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की टीम चिह्नित कर जरूरी चिकित्सीय परामर्श और दवा वितरित कर चुकी है।
आज टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर टंकियों, गमलों, गड्ढों आदि में जहां बहुत दिन से पानी जमा था, वहां पर डेंगू मच्छर के लार्वा को ढूंढा। इनमें ज्यादा समय से भरे पानी को खाली भी कराया गया। साथ ही लोगों को डेंगू मच्छर की रोकथाम, उपचार व बचाव की जानकारी भी दी गई। जिला वैक्टर जनित रोग नियंत्रण अधिकारी सुभाष जोशी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।