देहरादून के बाद अब डेंगू ने हरिद्वार जिले में भी दस्तक दे दी है। शुक्रवार को एक मरीज हरिद्वार के भूपतवाला की मुखिया गली में सामने आया। वहीं, दूसरे मरीज का रुड़की के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जिला मलेरिया अधिकारी गुरनाम सिंह ने बताया कि डेंगू से पीड़ित मरीज रामकृष्ण मिशन अस्पताल (कनखल) में भर्ती है। फिलहाल उसकी हालत में सुधार है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम युवक के घर जाकर लार्वा की जांच करेगी। शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खड़खड़ी क्षेत्र की एक धर्मशाला के कूलरों और एक सराफा की दुकान में भारी मात्रा में लार्वा नष्ट कराया।
साथ ही धर्मशाला प्रबंधक, दुकानदार और लापरवाही पर नगर निगम को नोटिस जारी किया। निगम को शहर में जागरूकता अभियान के साथ कीटनाशक छिड़काव के दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
उधर, रामनगर (रुड़की) स्थित निजी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. नवीन खन्ना ने बताया कि कृष्णानगर निवासी एक युवक में डेंगू की पुष्टि हुई है। वह देहरादून से रुड़की आया था। उसकी प्लेटलेट्स 40 हजार से कम हो गई थी, लेकिन अब एक लाख तक पहुंच गई है।