देहरादून जिले में डेंगू पीड़ित मरीजों की संख्या 661 पहुंच गई है। देहरादून से बाहर के जिलों को मिलाकर आंकड़ा 687 हो गया है। यह स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया सरकारी आंकड़ा है। जबकि विभिन्न निजी अस्पतालों में भी डेंगू से पीड़ित कई मरीज भर्ती बताए जा रहे हैं। जो इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को नहीं दे रहे हैं। जबकि, सीएमओ इस संबंध में पहले ही ऐसे अस्पतालों को नोटिस भेजकर कार्रवाई करने की बात कह चुके हैं।
सोमवार को दून, कोरोनेशन और गांधी शताब्दी अस्पताल से आई एलाइजा जांच की रिपोर्ट में 19 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण अधिकारी की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, इसमें आठ पुरुष और 11 महिला मरीज हैं। ये सभी मरीज देहरादून के रहने वाले हैं। जिनमें अधिकतर मरीज रायपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों से हैं। बताया जा रहा है कि शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटर में डेंगू मरीजों की जांच की जा रही है।
इनमें डेंगू की पुष्टि की समुचित रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को नहीं भेजी जा रही है। इस बारे में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गुप्ता का कहना है कि कई अस्पताल अब नियमित रिपोर्ट भेज रहे हैं। जो अस्पताल या पैथोलाजी सेंटर इसकी जानकारी नहीं देंगे, उनके खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
चल रहा जागरूकता अभियान
डेंगू के प्रकोप के बीच स्वास्थ्य विभाग भी जागरूकता अभियान चलाए हुए हैं। इसके बावजूद कई लोग डेंगू मच्छर के पनपने की वजहों को लेकर संजीदा नजर नहीं आ रहे हैं। जिससे डेंगू मच्छर पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। वहीं, कई लोगों की शिकायत है कि स्वास्थ्य विभाग भी डेंगू बुखार के विकराल होने पर ही हरकत में आया है। नगर निगम की ओर से भी समुूचित फॉगिंग नहीं की जा रही है।