स्वास्थ्य विभाग की टीम को बृहस्पतिवार को जिले में 7671 स्थानों पर डेंगू का लार्वा मिला। टीम ने मौके पर ही लार्वा को नष्ट कराया। इन जगहों पर फॉगिंग करने के साथ ही एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके साथ ही बृहस्पतिवार को जिले में डेंगू के 11 मरीज भी मिले हैं।
विज्ञापन
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, बृहस्पतिवार को आशा कार्यकर्ताओं ने 19,075 घरों में सर्वे किया। इस दौरान 6012 जगहों पर डेंगू का लार्वा मिला। वहीं वॉलेंटियरों ने 783 घरों में सर्वे के दौरान 1659 जगहों पर डेंगू का लार्वा पाया। जिसे तुरंत नष्ट करा दिया गया। अब इन सभी एरिया में डेंगू के नए मरीजों की खोज की जा रही है।
11 नए मरीज मिले, 46 मरीज सक्रिय
जिले में बृहस्पतिवार को 1403 मरीजों की एलाइजा जांच की गई। इसमें से 11 को डेंगू की पुष्टि हुई। इन सभी को अस्पतालों में भर्ती किया गया है। जिले में अब डेंगू मरीजों की संख्या 363 हो गई है। जिसमें से 46 सक्रिय अवस्था में हैं।