- मुख्यमंत्री धामी से मिले विधायक विनोद चमोली, कहा-विधर्मी मंशा को देवभूमि में सफल नहीं होने देंगे
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भाजपा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सैन्य सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल धौलास में अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थान के लिए दी जमीन का आवंटन रद्द करने का आग्रह किया। विधायक विनोद चमोली से मुलाकात में सीएम धामी ने शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया है। पार्टी और सरकार ऐसी किसी भी विधर्मी मंशा को देवभूमि में सफल नहीं होने देंगे।
पार्टी मुख्यालय में चमोली ने बताया कि कांग्रेस अपने विशेष वोट बैंक के लालच में लगातार देवभूमि के देवत्व को खराब करने का प्रयास करती रही है। ये नया खुलासा तो इसकी एक बानगी है। विवादित जमीन अल्पसंख्यक संस्थान को तिवारी सरकार में दी गई थी, जबकि आईएमए की सुरक्षा और उनके विरोध को दरकिनार किया गया, लेकिन जब 2022 में मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने का विषय उठा तो सभी को चिंता हुई कि वहां यूनिवर्सिटी कैसे और कहां बन सकती है। जब यह समूचा प्रकरण सामने आया, तब चुनावी राजनीतिक माहौल था। हमने विरोध किया और जनता ने कांग्रेस को चुनाव में हरा दिया। आज यह प्रकरण पुनः इस तरह सामने आया तो समझ में आया कि 2022 में मुस्लिम यूनिवर्सिटी की बात का आधार ही यह जमीन था। उसके बाद यह लोग लैंड यूज चेंज करने के लिए हाईकोर्ट गए, लेकिन हाईकोर्ट ने मना कर दिया। अब यह जमीन खुर्द-बुर्द की जा रही है और समुदाय विशेष के लोगों को दी जा रही है।
सवाल उठाते हुए कहा कि वहां पर आईएमए है, देश की सुरक्षा का प्रश्न है। देश की सेवा के अफसर वहां तैयार किए जाते हैं। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में इस भूमिका के लिए जमीन देना पूरी तरह से गलत था। इस संबंध में उनकी मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से मुलाकात हुई है। मांग की कि विवादित जमीन को तत्काल सरकारी कब्जे में लेकर, आवंटन रद्द किया जाए।