पीसी-पीएनडीटी एक्ट में संशोधन की मांग को लेकर निजी रेडियोलॉजिस्टों का विरोध दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा।
शुक्रवार को रेडियोलॉजिस्ट के विरोध से प्राइवेट सेंटर में अल्ट्रासाउंड नहीं हुए। अल्ट्रासाउंड के लिए मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी।
बता दें कि रेडियोलॉजिस्ट पीसी-पीएनडीटी के असमान क्रियान्वयन की खिलाफत कर रहे हैं। गुरुवार को भी डॉक्टरों ने कोई रेडियोलॉजी जांच नहीं की थी। न एमआरआई और न अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन व एक्स रे भी नहीं हुए थे।
वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत के दखल पर दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में व्यवस्थाएं ढर्रे पर आने लगी हैं। महिला अस्पताल में अलग पैथोलॉजी जांच शुरू हो गई है।
सेंट्रलाइज्ड व्यवस्था के तहत एक जगह पैथोलॉजी जांच से परेशानी होने लगी थी। मरीजों के अत्याधिक दबाव के कारण आए दिन हंगामे की स्थिति बन रही थी।
दून अस्पताल में भी पैथोलॉजी में महिला-पुरुष के अलग-अलग पंजीकरण काउंटर शुरू हो गया है। सोमवार से महिलाओं की महिला अस्पताल में ओपीडी पर्ची ही बनेगी। बिलिंग भी अलग होगी।