- राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने सीएम धामी के नाम सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरादून। राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने एसडीएम अपूर्व सिंह के माध्यम से सीएम धामी के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। इसमें ऋषिकेश में गिरफ्तार योगेश डिमरी, सुदेश भट्ट और उनके अन्य साथियों की तत्काल रिहाई की मांग की गई। पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल ने कहा कि ये गिरफ्तारियां राजनीतिक दबाव में की गई लगती हैं। योगेश डिमरी अवैध गतिविधियों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं और उन्हें जेल में रखना राज्य और समाज के लिए अच्छा नहीं है। सरकार तत्काल उनकी रिहाई करे और वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करे। जिला अध्यक्ष (सैनिक प्रकोष्ठ) भगवती प्रसाद गोस्वामी ने कहा कि राष्ट्रवादी नागरिकों का दमन सहन नहीं किया जाएगा। ये लोग राज्य की सुरक्षा और सामाजिक न्याय के लिए लड़ रहे हैं। यदि सरकार ने शीघ्र रिहाई नहीं की तो हम बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। जिला महामंत्री दयाराम मनौड़ी ने कहा कि यह गिरफ्तारी जनता की आवाज को दबाने का प्रयास है। निर्दोष लोगों को जेल में रखने से न्याय व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। पार्टी ने मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की भी मांग की है। इस दौरान सैनिक प्रकोष्ठ के भगवती प्रसाद नौटियाल, जिला महामंत्री हेमा कोटनाला, रजनी कुकरेती सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।