माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदले पैटर्न का सीधा असर तापमान में देखने को मिल रहा है। मंगलवार को भी कुछ ऐसा ही हाल रहा। मैदानी इलाकों में चटक धूप खिलने से दिन में ठंड से राहत मिली। हालांकि पर्वतीय इलाकों में शीतलहर से सुबह और शाम को ठंड का अहसास हुआ। दून का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री बढ़ोतरी के साथ 24.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि रात का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री के साथ सामान्य रहा। उधर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार सात जनवरी को दून समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिले के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। आने वाले दिनों की बात करें तो 12 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा।