- कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंदोलन की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। पछवादून में जन समस्याओं का समाधान नहीं होने व मुख्यमंत्री की विकास योजनाओं पर भी कार्य नहीं होने का आरोप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगाया है। उन्होंने क्षेत्र की सड़क, सिंचाई, पेयजल संबंधी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग को लेकर उप जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। साथ ही समस्याओं का समाधान नहीं होने पर 28 दिसंबर से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी।
कांग्रेस के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रमेश चंद आजाद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधि मंडल ने उप जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। उन्होंने कहा कि मटोगी-भद्रराज-हाथीपांव मोटर मार्ग निर्माण के लिए साल 2015 में मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी, लेकिन नौ साल बाद भी मार्ग का निर्माण प्रारंभ नहीं हो सका है। इसके अलावा लांघा-मदर्सू-मटोगी मोटर मार्ग सुधारीकरण के दौरान घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्थानीय गदेरे से पत्थर, रेत, बजरी निकालकर निर्माण कार्य में लगाई जा रही है। जिससे निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
इसी प्रकार से कोटड़ा-बड़वा-लांघा मोटर मार्ग पर आए मलबे को अभी तक हटाया नहीं गया है। उन्होंने कहा कि बिन्हार क्षेत्र के एएनएम सेंटर में स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती नहीं होने से ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। विशेषकर गर्भवती महिलाओं और बच्चों को टीकाकरण के लिए पीएचसी कटापत्थर जाना पड़ता है। पर्वतीय क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई पंपिंग योजना निर्माण की घोषणा कई बार की जा चुकी है लेकिन, धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। इस योजना से हथियारी, तोली, भूड़, लांघा क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलनी थी। सहसपुर ब्लॉक के 50 गांवों की पेयजल किल्लत को दूर करने के लिए साल 2017 में शुरू की गई मालढुंग जलाशय योजना का कार्य प्राथमिक चरण से आगे नहीं बढ़ पाया है। उन्होंने कहा कि इन सभी बिंदुओं पर 25 दिसंबर तक सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने की दशा में 28 दिसंबर को कांग्रेस कार्यकर्ता सामूहिक उपवास कर आंदोलन शुरू करेंगे। ज्ञापन देने वालों में पूर्णचंद, पवन सिंह तोमर, मनोज रावत, कपिल तोमर, ज्ञानचंद, कलम सिंह कौल शामिल रहे।