अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने बैठक कर फील्ड में कार्यरत स्वास्थ्य कार्मिकों को आधार आधारित बायोमीट्रिक हाजिरी से छूट की मांग की है।
15 जनवरी को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता की थी। वार्ता में मंत्री ने बायोमीट्रिक उपस्थिति के संबंध में डीजी हेल्थ के माध्यम से स्वास्थ्य कार्मिकों को छूट प्रदान करने का सकारात्मक आश्वासन दिया था। बैठक में कहा गया कि खेद का विषय है कि आज तक भी यह छूट नहीं दी गई और डीजी हेल्थ ने एक पत्र जारी कर पुन: राजकीय चिकित्सालयों के कार्मिकों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से आधार बेस्ड बायोमीट्रिक मशीन से करने के निर्देश दिए हैँ। परिषद ने इस पत्र का पुरजोर विरोध किया। परिषद का स्पष्ट मत है कि फील्ड में कार्यरत स्वास्थ्य कार्मिकों को बायोमीट्रिक उपस्थिति से व्यावहारिक कठिनाइयों के तहत छूट दी जानी चाहिए। इस विषय को लेकर परिषद की ओर से आंदोलन की रणनीति भी तैयार की गई है, जिसकी सूचना शीघ्र दी जाएगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विनोद चौहान, महामंत्री गुड्डी मटुडा, कार्यकारी अध्यक्ष राकेश ममगाई, प्रदेश प्रवक्ता हीरा बल्लभ जोशी, संप्रेक्षक रमेश चंद्र भट्ट, कोषाध्यक्ष सत्य प्रकाश तिवारी, कल्पना सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।