देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित कनिष्ठ सहायक भर्ती प्रक्रिया के परिणाम घोषित करने में हो रही देरी पर अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताई है। सोमवार को आयोग के मुख्य गेट पर अभ्यर्थियों ने धरना-प्रदर्शन किया और आयोग के सचिव को पत्र भी लिखा। अभ्यर्थियों ने कहा कि कनिष्ठ सहायक भर्ती प्रक्रिया को प्रारंभ हुए लगभग डेढ़ वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है। लिखित परीक्षा, टाइपिंग और दस्तावेज सत्यापन जैसी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। बावजूद इसके अब तक अंतिम परिणाम घोषित नहीं किया गया है। इससे युवाओं में आक्रोश है। कहा कि इससे पहले भी कई बार पत्र दिया गया, पर सिर्फ आश्वासन मिला। इतनी लंबी अवधि तक भर्ती प्रक्रिया का लंबित रहना न केवल अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है, बल्कि आयोग की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। कई अभ्यर्थी आयु सीमा, पारिवारिक जिम्मेदारियों और अन्य भर्तियों से संबंधित निर्णय इसी परिणाम पर निर्भर रखे हुए हैं। ऐसे में जल्द परिणाम घोषित किया जाए।